सिटी रिपोर्टर | बोकारो सेक्टर-4 स्थित सिटी सेंटर में गणेश मंडली की ओर से आयोजित नौ दिवसीय गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। पूजा महोत्सव के दूसरे दिन पूजा-अर्चना में शामिल होने के लिए क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। पूर्व विधायक बिरंची नारायण, पूर्व कांग्रेस सांसद प्रत्याशी अनुपमा सिंह और बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से जिले की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। गणेश मंडली के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि इस वर्ष का आयोजन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भजन संध्या और सामाजिक संदेशों के साथ विशेष रूप से भव्य रूप में किया जा रहा है। शाम को पूजा आरती के बाद महाभोग प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के लोग लगे हुए है। वहीं, सेक्टर-2 में आयोजित गणेश पूजा में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वहां लगे मेले का भी लोग आनंद ले रहे है।


