भास्कर न्यूज | रामगढ़ पंजाब रेजिमेंटल सेंटर रामगढ़ की ओर से सेना दिवस पर जेएंडबी सब एरिया की देखरेख में हार्दिक मिलन दल 3.0 का आयोजन किया गया है। इसके तहत पंजाब रेजिमेंट सेंटर रामगढ़ ने भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों के कल्याण व उनके आश्रितों के लिए हार्दिक मिलन दल 3.0 के रूप में नामित किया है। यह दल जम्मू व कठुआ जिला, हिमाचल प्रदेश के चम्बा, नूरपुर और बिलासपुर जिला, पंजाब के पठानकोट, तरंतारण, फिरोजपुर, मुक्तसार साहिब और भटिंडा जिलों के भूतपूर्व सैनिकों तक पहुंचेगी। इस दल को बुधवार को पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय चंद्र कांडपाल ने दल का फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। इस मुहिम की शुरुआत वर्ष 2023 में की गई थी, जो कि वर्ष 2025 में यह हार्दिक मिलन 3.0 का तीसरा सफल प्रयास है। इस दल द्वारा इन तीनों राज्यों के सभी भूतपूर्व सैनिक और वीर नारियों की शिकायतों व समस्याओं का निवारण किया जाएगा। इसके साथ ही भूतपूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए सेवानिवृत्त होने के बाद मिलने वाली सुविधाएं और पेंशन संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मौके पर कई सैन्य अधिकारी मौजूद थे।


