भास्कर न्यूज | कोंडागांव अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद फरसगांव ब्लॉक के उपाध्यक्ष पूर्व सैनिक हवलदार बलदेव राम नेताम का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गयाl बलदेव राम नेताम का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नीराबेड़ा धनोरा में किया गया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज ओढ़ाकर सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज को उनकी धर्मपत्नी को देकर उन्हें सलामी दी गई। बलदेव राम नेताम 30 अप्रैल 2022 को भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर आ गए थे। बलदेव राम नेताम नम्र, मिलनसार और परिश्रमी व्यक्ति थे जिसको देखते हुए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के द्वारा उन्हें फरसगांव ब्लॉक उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा और उन्होंने दायित्व का बहुत अच्छे से निर्वहन किया। उनके द्वारा प्रतिदिन आदर्श स्कूल मैदान में युवक व युवतियों को निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण दिया गया। बलदेव राम नेताम के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद पदाधिकारी, परिवार के लोग, मित्रगण, जनप्रतिनिधि, नीराबेड़ा गांव के ग्रामवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


