कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र स्थित सेवन वंडर पार्क में आज सुबह रेस्टोरेंट में आग लग गई। लवली रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में रेस्टोरेंट के अंदर रखे डीप फ्रीज, फ्रिज और अन्य कीमती सामान उसकी चपेट में आ गए। रेस्टोरेंट से उठती लपटें और धुआं देखकर वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड और सड़क से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि सुबह करीब सवा 8 बजे आग लगने की सूचना सब्जी मंडी फायर स्टेशन को मिली थी। इसके बाद कुछ ही मिनटों में दमकल की गाड़ी सेवन वंडर पार्क पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से रेस्टोरेंट के अंदर रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। लवली रेस्टोरेंट के संचालक गोविंद अग्रवाल ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से यहां रेस्टोरेंट चला रहे हैं, लेकिन इससे पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई। शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई, जिससे तीन से चार बड़े फ्रिज समेत पूरा सामान जल गया। इस हादसे में करीब 10 से 15 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।


