ब्यावर में सेवानिवृत्त और शीघ्र सेवानिवृत्त होने वाले सैनिकों के लिए सर्टिफिकेट इन अकाउंटिंग टेक्नीशियन (CAT) पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा शुरू किया गया यह पाठ्यक्रम सैनिकों को वित्त एवं लेखा क्षेत्र में व्यवसायिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा। ब्यावर चैप्टर ने एक होटल में इस कोर्स का विधिवत शुभारंभ किया। चैप्टर के चेयरमैन अंकुर सिंहल ने बताया कि इस बैच की कक्षाएं ब्यावर शहर के नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम में एयरफोर्स के कैप्टन प्रियांशु शर्मा, सीएमए के सेंट्रल काउंसिल सदस्य एवं CAT कोर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र सिंह भाटी और जॉइंट डायरेक्टर राजेश जैन उपस्थित रहे। कैप्टन प्रियांशु शर्मा ने रक्षा विभाग और सीएमए इंस्टीट्यूट के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत संचालित CAT कोर्स की जानकारी दी और इसके लाभों से अभ्यर्थियों को अवगत कराया। राजेंद्र सिंह भाटी ने सेवानिवृत्ति के बाद फाइनेंस एवं अकाउंट सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक सैनिकों के लिए इस कोर्स की उपयोगिता और संभावनाओं पर प्रकाश डाला। राजेश जैन ने पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद उपलब्ध प्लेसमेंट योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। ब्यावर शहर के सीएमए चैप्टर में अब तक 45 सैनिकों का पंजीकरण हो चुका है। यह चार माह की अवधि का नियमित पाठ्यक्रम होगा। कोर्स पूर्ण करने के उपरांत अभ्यर्थी बैंक, निजी संस्थानों में लेखाकार के रूप में कार्य कर सकेंगे, साथ ही स्वतंत्र प्रैक्टिस शुरू करने के अवसर भी उपलब्ध होंगे। इस पाठ्यक्रम में केवल सेना से संबंधित कार्मिकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए रूपेश कोठारी ने बताया कि यह पहल सेवानिवृत्त सैनिकों को व्यवसायिक दक्षता प्रदान कर उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम का मंच संचालन ज्योति माहेश्वरी ने किया। इस अवसर पर ब्यावर से सीएमए फाउंडेशन कोर्स में रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम में चेयरमैन अंकुर सिंहल, सचिव शुभम सांखला, वाइस चेयरमैन कमलेश सांखला, पूर्व चेयरमैन मितेश चौपड़ा, चिन्मय माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


