कोटपूतली-बहरोड़ जिले में सैनी (माली) महासभा ईकाई पावटा कार्यकारिणी की बैठक प्रधान संरक्षक देवी सहाय सैनी के मार्गदर्शन और तहसील अध्यक्ष पटेल रामसिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में आगामी 2 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर होने वाले छठे सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें चार लड़के और दो लड़कियों का परिचय हुआ। विवाह योग्य दो नए जोड़ों का पंजीकरण भी किया गया। अब तक समिति के पास कुल 13 विवाह योग्य जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है। इस बार विवाह सम्मेलन में प्रत्येक जोड़े को एक-एक इलेक्ट्रिक स्कूटी देने की घोषणा की गई है। इस घोषणा के बाद समिति को 21 जोड़ों का लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद है। बैठक में पिछले आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया। कोषाध्यक्ष बंशीधर सैनी अमीन ने बताया कि सैनी विकास संगठन (रजि.) के तत्वाधान में यह सम्मेलन आयोजित हो रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खैरथल और बर्डोद दौरे के दौरान पावटा ईकाई द्वारा प्रागपुरा में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। ये रहे मौजूद
बैठक में संरक्षक रामौतार मिस्त्री, रामरतन सैनी, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सैनी, गणेश सैनी, राकेश सैनी, हेमंत सैनी, लोकेश सैनी, भीमराज सैनी सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।


