सतना के कोठी कस्बे के मुख्य बाजार में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद ने आगजनी का रूप ले लिया। एक युवक ने सैलून की दुकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना के समय दुकान बंद थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान के अंदर रखी कुर्सी और कालीन जलकर खाक हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, सैलून संचालक संदीप कुमार सेन शुक्रवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात लगभग 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लगी है। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाई, जिससे आसपास की दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। तीन तस्वीरों में देखिए आग… पेट्रोल डालकर आग लगाई सूचना मिलते ही कोठी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक व्यक्ति हाथ में पेट्रोल लेकर दुकान की ओर जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज में आरोपी अजय चौधरी शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगाता और मौके से फरार होता साफ नजर आ रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सैलून के पास ही आरोपी अजय चौधरी चाय की दुकान चलाता है और दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आगजनी से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की विवेचना जारी है।


