सोनहत के 20 में 12 पंचों ने एसडीएम और जनपद सीईओ को ज्ञापन सौंपा

भास्कर न्यूज | सोनहत ग्राम पंचायत सोनहत में बिल भुगतान को लेकर भारी अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए 20 वार्डों में से 12 वार्डों के पंच लामबंद हो गए हैं। पंचों ने सरपंच व सचिव पर बिना जानकारी दिए बिल भुगतान करने और ग्राम सभा में सवाल पूछे जाने पर गोलमोल जवाब देने का आरोप लगाया है। इसी संबंध में पंचों ने सोनहत के एसडीएम और जनपद सीईओ को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया है कि 1 अप्रैल से 31 अगस्त तक के भुगतान में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। इसमें फर्नीचर खरीद के नाम पर 48,150 खर्च दिखाए गए, जबकि बाजार मूल्य सिर्फ 20-22 हजार बताया। बैठक हॉल में 74,200 का भुगतान हुआ, पर ग्राम सभा में केवल 40 कुर्सियां बताई गईं। विद्युतीकरण के नाम पर 17,300 व्यय दिखाया, जबकि मात्र 12 एलईडी ट्यूब ही उपलब्ध कराए गए। पेंटिंग, नाली निर्माण और सफाई जैसे कार्यों पर लाखों रुपए खर्च दिखाए गए, लेकिन ग्राम सभा में कोई ठोस सबूत नहीं दिया। इसके अलावा व्यापारियों से सुविधा शुल्क और बाजार बैठकी के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत भी दर्ज कराई। पंचों ने कहा कि इन मामलों से ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *