अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी उठापटक और डॉलर की मजबूती के बल पर सोने के दाम लगातार निखर रहे हैं। मंगलवार को लगातार 21वें दिन सोना स्टैंडर्ड महंगा हुआ। यह 600 रुपए की छलांग लगाकर 85600 प्रति 10 ग्राम के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। जेवराती सोना भी स्टैंडर्ड की तरह 15 जनवरी से लगातार ऊपर ही चढ़ रहा था, लेकिन मंगलवार को यह थोड़ा फीका पड़ा। 21वें दिन यह 425 रुपए गिरकर 81175 रु. प्रति 10 ग्राम रहा। 15 जनवरी को इसकी कीमत 77185 रु. प्रति 10 ग्राम थी। तबसे लेकर 3 फरवरी तक इसने 3,145 रु. की छलांग लगाई। ऐसे ही सोना स्टैंडर्ड 15 जनवरी को 80400 प्रति 10 ग्राम था। पिछले 21 दिन में यह 5200 रु. बढ़ चुका है। इसमें भी आधे से अधिक बढ़ोतरी बीते एक सप्ताह यानी 28 जनवरी 4 फरवरी के बीच की है। इन सात दिनों में इसमें 2800 रुपए प्रति 10 ग्राम की वृद्धि हुई। जेवराती सोना पिछले 20 दिन में 3145 रुपए तक महंगा हुआ चांदी 100 रुपए बढ़कर 94 हजार 550 रु. किलो : मंगलवार को चांदी भी 100 रु. बढ़कर 94550 प्रति किलो रही। आगामी दिनों में इनके दामों में अभी बढ़ोतरी की संभावना है। चांदी फिर से एक लाख के पार जा सकती है। सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों ने शादी-ब्याह वाले घरों का बजट बिगाड़ दिया है। व्यापारियों के मुताबिक कई परिवार ऐसे हैं, जो अपना पुराना जेवर देकर नया जेवर बनवा रहे हैं, वहीं लाइट-वेट ज्वेलरी की डिमांड बढ़ गई है। बढ़ोतरी इसलिए… डॉलर की तुलना में रुपया कमजोर, सावों के कारण मांग भी
राजस्थान सर्राफा संघ के संरक्षक इंदरजीत मेहता के मुताबिक डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने से सोना महंगा हो रहा है। लाेग सोने को सबसे अच्छा निवेश मान रहे हैं। लोगों का करेंसी से भरोसा उठ रहा है। शादियों का सीजन भी फिर से शुरू हो गया है। ऐसे में सोने-चांदी की डिमांड भी इस समय ज्यादा है। आगे क्या…गिरावट आएगी
हमेशा जब भी सोने के भाव उच्चतम स्तर पर जाते हैं, इसके बाद इनमें गिरावट भी दर्ज की जाती है। अभी भावों में तेजी है लेकिन गिरावट आना तय है। हालांकि, अभी यह नहीं कहा जा सकता कि गिरावट कब से आएगी, कब तक चलेगी। हम महंगे…जयपुर सस्ता
उदयपुर में स्टैंडर्ड सोना जयपुर से महंगा है। मंगलवार को जयपुर में सोना स्टैंडर्ड 85200 रु. और जेवराती सोना 79,800 रु. प्रति 10 ग्राम रहा। जयपुर में सोना दिल्ली से लाते है, उदयपुर में मुंबई व अहमदाबाद से। टैक्स में अंतर से कीमत में अंतर।


