कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी शुक्रवार को दिल्ली स्थित जवाहर भवन में नेहरू सेंटर इंडिया के लॉन्च समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ बयानबाजी को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की। सोनिया ने कहा- इसमें कोई शक नहीं है कि जवाहरलाल नेहरू को बदनाम करना आज की सत्ता का मुख्य मकसद है। वे उन्हें (नेहरू को) सिर्फ इतिहास से हटाना नहीं चाहते, बल्कि उनकी सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक आधारों भी को कमजोर करना चाहते हैं, जिन पर देश खड़ा हुआ। सोनिया ने कहा- इतने बड़े व्यक्तित्व (नेहरू) के जीवन और काम का एनालिसिस और समीक्षा होना स्वाभाविक है और ऐसा होना चाहिए भी। लेकिन उनके ऐतिहासिक बैकग्राउंड को अलग रखकर उनके काम का आकलन करना अब आम होता जा रहा है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा- नेहरू को बदनाम करने, कमजोर दिखाने और उनकी बातों को तोड़ने-मरोड़ने की संगठित कोशिश अस्वीकार्य है। इस प्रयास का मकसद सिर्फ उनका व्यक्तित्व छोटा करना नहीं है, बल्कि उनकी बहुमुखी विरासत को नष्ट करके दोबारा इतिहास लिखने का एक कच्चा और स्वार्थी प्रयास भी शामिल है।


