बलौदाबाजार| थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोने के टॉप्स चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गए दो नग सोने के टॉप्स, जिनकी कुल कीमत 19 हजार 40 रुपये आंकी गई है, बरामद कर लिए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अमेरा निवासी कालिंद्री चेलक ने शनिवार को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी की सुबह लगभग 7 बजे नहाने से पूर्व अपने सोने के टॉप्स पर्स में रखे थे। शाम करीब 6 बजे जब पर्स देखा तो टॉप्स गायब मिले। प्रार्थिया ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने की आशंका व्यक्त की, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की बारीकी से विवेचना की। जांच के दौरान प्रार्थिया के घर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई।


