विवादित टिप्पणी को लेकर सुर्खियों में रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ अंबिकापुर कोतवाली सहित सरगुजा संभाग के 8 थानों में एफआईआर के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने आवेदन दिया है। आकांक्षा टोप्पो ने प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया था। वीडियो में आकांक्षा टोप्पो की भाषा एवं व्यवहार को लेकर भड़के भाजपाइयों ने एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो द्वारा पोस्ट एक वीडियो से भाजपाई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। वीडियो में आकांक्षा टोप्पो ने मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनाया है और सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया है। वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। कोतवाली सहित 8 थानों में शिकायत
वीडियो वायरल होने के बाद बीती रात भाजपा पदाधिकारी रविंद्र तिवारी, अमोघ कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी कोतवाली थाने पहुंचे और आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए आवेदन कोतवाली पुलिस को सौंपा है। मामले में पुलिस कभी भी FIR दर्ज कर सकती है। अंबिकापुर कोतवाली के साथ आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ रामविचार नेताम समर्थकों ने आठ थानों में शिकायत दर्ज कराई है। इनमें बलरामपुर, रामानुजगंज, रामचंद्रपुर, विजयनगर, बैकुंठपुर थाने शामिल हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया में वायरल होने के लिए सम्मानित लोगों के खिलाफ आकांक्षा टोप्पो विवादित टिप्पणी करते हुए वीडियो बनाकर वायरल करती है। उनका कहना है कि मंत्री के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी न केवल व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि यह राजनीतिक मर्यादा का भी उल्लंघन है। पहले भी दर्ज हो चुके हैं एफआईआर
आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ इससे पहले सीतापुर एवं मैनपाट के थानों में एफआईआर दर्ज है। उसने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एवं विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ अपमानजनक कमेंट्स करते हुए वीडियो जारी किया था। सीतापुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था, जिसके बाद मुचलके पर छोड़ दिया गया था।


