गोनेर रोड पर रोपाड़ा से गोनेर तक 6 किलोमीटर सड़क का विस्तार किया जा रहा है। इस सड़क को 300 फीट चौड़ा किया जा रहा है। यहां लगातार निर्माण कार्य जारी है, लेकिन जेडीए की विद्युत शाखा को खंभे हटाने की वित्तीय मंजूरी नहीं मिल रही है। इस कारण सड़क के बीच में लगे बिजली के खंभे हट नहीं पा रहे हैं। नतीजतन, 400 मीटर में भी सड़क निर्माण की गति बेहद धीमी है और काम लगभग एक माह से अटका हुआ है। पुरानी सड़क सिंगल लाइन होने के कारण आमने-सामने आने वाले वाहनों में रोजाना दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वर्तमान स्थिति में एक तरफ सड़क पर डामर बिछ चुका है, जबकि दूसरी तरफ गिट्टी और अधूरी सड़क रह गई है। इससे जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं कि सुविधा देने के नाम पर नई समस्या पैदा कर दी गई है। 6 किलोमीटर में एक तरफ सड़क है, जबकि दूसरी तरफ पुराने खंभे और गड्ढों वाली सड़क के कारण यातायात जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। जिम्मेदार कौन? जेडीए व विद्युत शाखा में तालमेल नहीं “बिजली लाइन के खंभे शिफ्ट करने को लेकर अप्रूवल मांगी गई है। स्वीकृति मिलते ही बिजली लाइन शिफ्ट कर दी जाएगी।” -विजय कुमार, एक्सईएन विद्युत शाखा, जेडीए


