भास्कर न्यूज | चतरा समाहरणालय सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में दुर्गापूजा को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में उपायुक्त ने थाना स्तर पर आयोजित बैठकों की जानकारी ली और जहां बैठक नहीं हुई है, वहां शीघ्र करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि दुर्गापूजा का पर्व जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को सतर्क रहते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने सभी प्रमुख मार्गों और पंडालों पर सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। विद्युत विभाग को पंडालों का निरीक्षण कर लूज तारों की मरम्मत और विद्युत आपूर्ति दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद को सफाई, कूड़ा उठाव, नालियों की सफाई और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी प्रखंडों में कंट्रोल रूम संचालित करने की बात कही, ताकि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई हो सके। उपायुक्त ने कहा कि विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्गापूजा का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में सम्पन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी राहुल मीणा, जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा सहित सभी अधिकारी मौजूद थे।


