भास्कर न्यूज | कथारा कथारा दो नंबर कॉलोनी के अमित पांडे द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट से आक्रोशित यादव समाज के लोगों ने उक्त युवक के घर का घेराव कर दिया। युवक के घर पर हंगामा की सूचना पाकर तत्काल बोकारो थर्मल इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव एवं कथारा ओपी प्रभारी राजेश कुमार प्रजापति दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां हंगामा कर रहे लोगों द्वारा विवादित पोस्ट करने वाले युवक पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की जाने लगी। दोनों थाना प्रभारी के सूझबूझ एवं कार्रवाई करने का भरोसा देने के बाद लोग शांत हुए। इधर यादव समाज के लोगों द्वारा कथारा ओपी मे आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस पूरे मामले को लेकर गंभीरता से जांच मे जुट गई है। मौके पर पहुंचे यादव समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार यादव सहित राजेंद्र यादव, अशोक यादव, दयाल यादव, मंत्री प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, बिनोद कुमार यादव आदि ने दोनों थाना प्रभारियों से मामले पर विधि संवत कार्रवाई करने की मांग की। वहीं जानकारी के अनुसार पोस्ट करने वाले युवक व उनके अभिभावक ने अपनी गलती स्वीकार कर एवं आगे इस तरह का घटना नहीं होने की बात कही है।


