सो रहे बुजुर्ग पर पेट्रोल डाल जिंदा जलाया तीन दिन में हत्या की यह तीसरी वारदात

भास्कर न्यूज | कवर्धा/सहसपुर लोहारा सिंघनपुरी जंगल थाना क्षेत्र के ग्राम बामी में एक बुजुर्ग पर पेट्रोल डालकर आग लगी दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात की है। घर के बरामदे में खाट पर बुजुर्ग सो रहा था। तभी अज्ञात आरोपी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। सूचना पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं। जानकारी के मुताबिक, मृतक झड़ीराम साहू (70) ग्राम बामी का रहने वाला था। वह और उसकी पत्नी घर में अकेले रहते हैं। मंगलवार रात खाना खाने के बाद झड़ीराम की पत्नी अंदर कमरे में सोने चली गई। वहीं झड़ीराम बाहर बरामदे में खाट पर सो रहा था। रात करीब 2 बजे अज्ञात आरोपी ने सोते समय झड़ीराम पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और फरार हो गया। उधर, जलते हुए झड़ीराम चिल्लाते हुए कमरे की तरफ दौड़ा, जहां उसकी पत्नी सो रही थी। उसने किसी तरह पानी डालकर आग बुझाई। तब तक उसकी सांसें चल रही थी। थाना प्रभारी रोशन बघेल ने बताया कि मृतक के तीन बेटे हैं। तीनों अलग-अलग रहते हैं। आग बुझाने के बाद झड़ीराम की पत्नी रात में ही अपने बेटों को बुलाने गईं। बेटों ने आकर पिता को हॉस्पिटल ले जाने के लिए उठाकर आंगन में लाया, तभी उसकी मौत हो गई। सूचना पर सुबह करीब 5 बजे सिंघनपुरी थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी। पिछले 3 दिन में लगातार हत्या के 3 मामले सामने आए हैं। 2 जून को पोंडी चौकी क्षेत्र के ग्राम प्रभाटोला में सोते समय अगम दास कुर्रे की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। 3 को पांडातराई के महली में रामगुलाल की टंगिया से वार कर हत्या की गई थी। अब 4 जून को बामी में घटना हुई। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम पहुंचीं। वहां से करीब 100 मीटर दूरी पर मृतक झड़ीराम के मंझले बेटे का घर है। घटनास्थल से सूंघते हुए खोजी कुत्ता मंझले बेटे के घर तक पहुंचा और रुक गया। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *