रीवा में एक सौतेले पिता पर अपनी ही 18 वर्षीय बेटी के अपहरण और उसे बेचने का आरोप लगा है। न्याय के लिए भटक रही बेबस मां का दावा है कि आरोपी इससे पहले भी उसकी एक बेटी का सौदा कर चुका है। पीड़िता ने बताया कि 3 जनवरी की देर रात उसका पति 18 साल की बेटी को डरा-धमकाकर चुपचाप घर से निकल गया। तब से लेकर आज तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। महिला को डर है कि आरोपी उसकी बेटी को किसी अजनबी को बेच देगा। सोमवार और मंगलवार को महिला फिर से थाने पहुंची, लेकिन वहां से उसे कोई मदद नहीं मिली। ‘5 साल पहले भी एक बेटी को बेचा था’
महिला ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उसके पहले पति की मौत के बाद उसने दूसरी शादी की थी। पति की पिछली शादी और उसकी पहली शादी से दोनों की पांच बेटियां हैं। महिला का आरोप है कि करीब 5 साल पहले भी पति ने एक बेटी को बेच दिया था। उस वक्त मजबूरी और डर के कारण वह खामोश रह गई थी। अब दूसरी बेटी के साथ भी वही दोहराया जा रहा है। 18 दिन बीत जाने के बाद भी मां को नहीं पता कि उसकी लाडली कहां और किस हाल में है। ‘थाने से भगाया, अब अफसरों के चक्कर काट रही’
पीड़िता का कहना है कि जब वह गढ़ थाने शिकायत लेकर पहुंची, तो पुलिस ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे वहां से भगा दिया। थाने से न्याय न मिलने पर महिला अब एसपी (SP) और थाने के चक्कर काट रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हालांकि मामले की सच्चाई क्या है यह तो पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। “मामला संज्ञान में आया है। गढ़ थाना प्रभारी को पूरी घटना की विस्तृत जांच करने और पीड़ित महिला की सुनवाई कर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। जल्द ही सौतेले पिता और लड़की का पता लगा लिया जाएगा।”- वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, रीवा


