परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा की परिवहन विभाग में अनुकंपा नियुक्ति को लेकर कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह को सह आरोपी बनाने की मांग की है। विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल लोकायुक्त कार्यालय पहुंचा और लोकायुक्त डीजी जयदीप प्रसाद को शपथ पत्र के साथ शिकायत सौंपी है। प्रतिनिधिमंडल में विधायक आरिफ मसूद, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, मुकेश नायक, शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना शामिल थे। हेमंत कटारे ने आरोप लगाया - परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के मामले में पूर्व परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह की अहम भूमिका है। कटारे बोले- हमने सबूत के साथ शपथ पत्र दिया, FIR दर्ज हो
लोकायुक्त डीजी से मुलाकात के बाद उप नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया से कहा- लोकायुक्त डीजी से हमारा डेलीगेशन मिला। हमने उनसे कहा है कि सौरभ शर्मा के मामले में पूरा मप्र कलंकित हो रहा है। उसकी फर्जी नियुक्ति पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह के हस्तक्षेप और दबाव से हुई है। इस बात के पूरे प्रमाण और साक्ष्य लोकायुक्त को शपथ पत्र के साथ दिए हैं। हमने आग्रह किया है कि भूपेंद्र सिंह पर एफआईआर दर्ज करके उन्हें सह आरोपी बनाया जाए। अब तक जो सोना चांदी पकड़ा गया उसका मूल मालिक कौन है? पूर्व परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह या वर्तमान परिवहन मंत्री हैं। या और कोई है, इसका सत्य सामने आना चाहिए। सौरभ को सिस्टम में भूपेंद्र सिंह लेकर आए
कटारे ने कहा- जिस डायरी का बार-बार जिक्र होता है उसमें टीएम, टीसी लिखा है। ये कौन ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर थे? टीसी कौन थे, इन सबके नाम सामने आने चाहिए। ये हमने मांग की है। भूपेंद्र सिंह पर केस इसलिए केस दर्ज होना चाहिए क्योंकि सौरभ शर्मा बहुत छोटी मछली है। असल में उसको गैरकानूनी तरीके से सिस्टम में लाने वाले व्यक्ति भूपेंद्र सिंह थे। इसके पूरे साक्ष्य देकर उनके ऊपर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। सौरभ की नियुक्ति पर कटारे ने भूपेंद्र सिंह की नोटशीट की थी जारी
एक महीने पहले हेमंत कटारे ने पीसीसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि सौरभ शर्मा की नियुक्ति में तत्कालीन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने नोटशीट लिखी थी। कटारे ने तत्कालीन गृह एवं परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह की लिखी नोटशीट भी जारी की थी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कटारे ने भूपेंद्र सिंह पर कार्रवाई की मांग की थी। यहां पढ़ें पूरी खबर…. भूपेंद्र सिंह बोले-कांग्रेस विधायक पर रेप केस में रिपोर्ट बदली
कटारे की प्रेस कॉन्फ्रेंस के एक दिन बाद पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने उप नेता प्रतिपक्ष और अटेर से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे पर दर्ज रेप केस में एफएसएल रिपोर्ट बदले जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने मध्यप्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लेटर लिखा और इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। यहां पढ़ें पूरी खबर… हेमंत कटारे, पत्नी, भाई और बहू पर FIR
विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने बुधवार को एफआईआर दर्ज की है। मामला भोपाल के आईएसबीटी प्रोजेक्ट में प्लॉट आवंटन में गड़बड़ी से जुड़ा है। इस मामले में लंबी जांच के बाद हेमंत कटारे, उनकी पत्नी, भाई योगेश कटारे और बहू समेत 7 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…


