भास्कर न्यूज | जांजगीर थाना बलौदा पुलिस ने एक स्कार्पियो वाहन से 120 लीटर डीजल बरामद किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद स्कार्पियो में डीजल भरकर ग्राम बगडबरी की ओर जा रही है । सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस ने ग्राम कुरमा के कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की।स्कार्पियो चालक ने पुलिस वाहन को आते देखा तो खमदाई पहाड़ के पास गाड़ी छोड़कर भाग गया। आसपास तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मौके से स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 11 बीके 9196 बरामद किया गया। वाहन के पीछे रखे चार नीले प्लास्टिक जरीकेन में करीब 120 लीटर डीजल मिला। डीजल की कीमत लगभग 11,400 रुपए आंकी गई है। स्कार्पियो की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है। वाहन जब्त कर लिया गया है।


