अलवर| स्कीम नंबर 8 गांधीनगर कॉलोनी में बंदरों ने आतंक मचाया हुआ है। गुरुवार को कॉलोनी के पार्क में खेल रही 6 साल की बच्ची मायरा को बंदर ने काटकर घायल कर दिया। इस संबंध में गांधीनगर वेलफेयर समिति के लोगों ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर पहले भी अवगत कराया था। लेकिन इस पर निगम अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे कॉलोनी के लोगों में रोष व्याप्त है। कॉलोनी में बंदरों को आतंक इस कदर है कि बंदर राह चलते बच्चों और बुजुर्गों को काट लेते हैं। इससे पहले भी यह चार-पांच लोगों को घायल कर चुके हैं। बंदरों के आतंक के चलते लोग सर्दी में पार्क व घरों की छत पर भी नहीं निकल पाते। बंदर घरों से सामान उठाकर ले जाते हैं और इन्हें भगाते हैं तो यह ग्रुप में इकट्ठा होकर हमला कर देते हैं। स्थानीय निवासी कमल नारायण, जगदीश गुप्ता, गोपेश गुप्ता व नरेंद्र गुप्ता ने प्रशासन से शीघ्र ही इन्हें पकड़वाने की मांग की है।


