स्कूल के गेट पर युवको ने छात्र को चाकू मारा:गर्दन की नश कटी,दो घंटे ऑपरेशन के बाद 12 टांके आए

अलवर के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में घर से स्कूल जा रहे 12वीं कक्षा के एक छात्र पर स्कूल गेट के सामने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर करीब पांच युवक बताए जा रहे हैं, जो सभी लक्ष्मणगढ़ कस्बे के ही निवासी हैं। इनमें से दो युवकों ने अपने चेहरे नकाब से ढक रखे थे, जबकि तीन युवकों को घायल छात्र पहचानता है। घटना उस समय हुई जब छात्र सीनियर सेकेंडरी स्कूल के गेट पर पहुंचा ही था। इसी दौरान युवकों ने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर स्कूल से शिक्षक बाहर आए, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल छात्र वहीं तड़पता रहा। इसके बाद शिक्षक और आसपास एकत्रित हुए लोगों ने घायल छात्र को तुरंत लक्ष्मणगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छात्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अलवर जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्र को ऑपरेशन थियेटर में ले जाकर करीब दो घंटे तक ऑपरेशन किया। डॉक्टरों के अनुसार हमले में छात्र की गर्दन की नस कट गई थी। ऑपरेशन के बाद अब छात्र की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। छात्र के पिता ने बताया कि उनका बेटा सुबह करीब 10 बजे घर से सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए निकला था। जैसे ही वह स्कूल के गेट पर पहुंचा, तभी कस्बे के ही रहने वाले रिहान, मानव, जफर और दो अन्य युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि ये युवक उनके बेटे के स्कूल के छात्र नहीं हैं और उनके बेटे की उनसे या किसी और से कोई दुश्मनी भी नहीं है।घायल छात्र की उम्र 14 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *