झारखंड के गिरिडीह जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पचंबा थाना क्षेत्र के परसाटांड में तीन दिनों से लापता 28 वर्षीय युवक का शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान संजय मल्लाह के रूप में हुई है, जो 1 फरवरी को पचंबा बालिका उच्च विद्यालय में प्रसाद बनाने का काम कर रहा था। काम के बाद से वह घर नहीं लौटा था। परिजन तीन दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे और इस संबंध में कल ही पचंबा थाना में आवेदन दिया था। मंगलवार सुबह स्कूल के पास नाले में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पचंबा थाना पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।


