जयपुर के सांगानेर इलाके में किराए के मकान में रहने वाला एक छोटा सा परिवार। रोज एक जैसी दिनचर्या। सुबह जल्दी बेटी स्कूल जाती। उसके जाने के बाद मां-बाप भी काम पर निकल जाते। दोपहर में बेटी स्कूल से आती और दिनभर पड़ोस में परिचितों के घर पर रहती। शाम को मां-बाप के लौटने के बाद पूरा परिवार मिलता था। 9 मार्च 2015 का दिन रोजाना से अलग था। उस दिन भी दिनचर्या में कोई खास बदलाव नहीं था, पर उनके जीवन में इतना बड़ा भूचाल आया जिसने सब-कुछ तबाह कर दिया। 9 मार्च 2015 को रोजाना की तरह मासूम स्कूल के लिए रवाना हुई। थोड़ी देर में घर के काम निपटा कर पति-पत्नी भी काम के लिए रवाना हो गए। शाम सात बजे दोनों घर लौटे, लेकिन उस दिन वो शाम भारी थी। हर रोज घर लौटते ही दिन भर की थकान को छूमंतर कर देने वाली मासूम और उसकी हंसी की खिलखिलाहट घर में नहीं थी। मां-बाप ने बेटी को आस-पास में तलाशा। आस-पड़ोस में जिन परिचितों के घर जाने की संभावना थी,उन सब जगहों पर मासूम के बारे में पूछा। उसका कुछ पता नहीं चला। स्कूल के स्टाफ तक से पूछताछ की, पर कोई मासूम के बारे में नहीं बता पा रहा था। इस दौरान सामने आया कि दोपहर दो बजे के आसपास मासूम स्कूल से आ गई थी। स्कूल से लौटने पर हर रोज जिनके घर जाती थी, उन्होंने बताया कि दोपहर में खाना खाने के लिए अपने घर गई थी। इसके बाद वो नजर नहीं आई। इस बात से ये तो पता चल गया था कि मासूम स्कूल से लौट आई थी और दोपहर बाद से गायब है। घर वालों ने देर रात तक तलाश किया। लेकिन बेटी का कुछ पता नहीं चला। पड़ोस में रहने वाले लोगों ने भी उसकी तलाश की। कोई सुराग हाथ नहीं आया। अंत में मासूम के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि उसे कोई बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया है। मासूम से जुड़ा मामला होने की वजह से पुलिस ने भी तत्परता से जांच शुरू कर दी। इलाका ऐसा था जहां सीसीटीवी नहीं लगे हुए थे। इस कारण पुलिस को भी कोई सुराग हाथ नहीं लग रहा था। पुलिस ने उस इलाके में रहने वाले सभी लोगों से एक-एक कर मासूम के बारे में पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इधर, जैसे-जैसे समय बीत रहा था, मां-बाप की धड़कनें तेज हो रही थीं। मां-बाप को मासूम बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका होने लगी। इसी दौरान ऐसा क्लू मिला, जिसके बाद इस पूरे मामले का हैरतअंगेज खुलासा हुआ। मां को पड़ोस में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने मासूम के बारे में कुछ जानकारी शेयर की। इस जानकारी को परिजनों ने पुलिस के साथ शेयर किया। इसके बाद पुलिस ने उसी युवक से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। कल राजस्थान क्राइम फाइल्स, पार्ट-2 में पढ़िए आगे की कहानी…


