स्कूल जा रही महिला को बाइक सवार ने चपेट में लिया, घायल

भास्कर न्यूज | चिरमिरी घर से स्कूल जाने के लिए निकली महिला को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे महिला अपनी स्कूटी समेत सड़क पर गिर गई और उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद महिला को प्राथमिक उपचार के लिए चिरमिरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना 25 नवंबर की सुबह 8 बजे भुकभुकी घाट पर हुई। वेस्ट चिरमिरी पोड़ी निवासी अमीररूल हसन ने चिरमिरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बहू फरहाना बानो (35), जो डीएवी स्कूल सकरिया रतनपुर जा रही थीं, उन्हें खड़गवां की ओर से आ रही बाइक क्रमांक सीजी 16 सीटी 6657 के चालक किशन कुर्रे (निवासी गोदरीपारा) ने लापरवाहीपूर्वक और तेज गति से टक्कर मार दी। हादसे में फरहाना बानो के दाहिने पैर और दाहिनी कोहनी में गंभीर चोटें आईं। घायल महिला ने मोबाइल से अपने परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से फरहाना बानो को जिला अस्पताल चिरमिरी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद, डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *