भास्कर न्यूज | अमृतसर डीसी साक्षी साहनी ने जिले के सभी स्कूलों को सरकार की ओर से फीस, किताबों और यूनिफॉर्म के लिए जारी नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने स्कूलों में नए सत्र की शुरुआत और दाखिलों को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंटरी) और जिला शिक्षा अधिकारी (सेकंडरी) को नियम का पालन सुनिश्चित रूप से करवाने के लिए निगरानी रखने को कहा है। जारी निर्देशों में उन्होंने लिखा है कि सरकार ने पंजाब फीस रेगुलेशन एक्ट लागू किया है। इसलिए सभी स्कूलों को अपनी फीस की पूरी जानकारी अपनी वेबसाइट पर डालनी चाहिए ताकि लोगों को आसानी हो। इसके साथ ही, स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि बच्चों और उनके माता-पिता को स्कूल की किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए किसी निश्चित दुकान पर जाने के लिए मजबूर न किया जाएं। डीसी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी निजी स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर (सुखपाल सिंह : 8054051154 और धर्मिंदर सिंह: 9888887666) अपनी वेबसाइट और डिस्प्ले बोर्ड पर जरूर पब्लिश करें। ताकि किसी की फीस, किताबों या यूनिफॉर्म से जुड़ी कोई शिकायत हो तो वे सीधे इन नोडल अधिकारियों से संपर्क कर सकें।


