स्कूल बसों को बांगड़ कॉलेज परिसर में मंगवाकर करेंगे जांच

भास्कर संवाददाता | पाली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में बुधवार को कलेक्टर एल एन मंत्री की अध्यक्षता में हुई। कलेक्टर ने सड़क हादसों की वजहों की जानकारी ली। पुलिस प्रशासन और परिवहन अधिकारी व अन्य समिति सदस्यों को 15 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा है। विभिन्न स्थानों पर लोगों को हेलमेट की उपयोगिता, सीट बेल्ट की आवश्यकता और सुरक्षा जैसे विषयों पर समझाया जाएगा। कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी एवं पुलिस विभाग के ट्रैफिक पुलिस को ओवरलोडिंग व ओवर स्पीड वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए। जिले में संचालित प्राइवेट स्कूल की बाल वाहिनियों (स्कूल बसों) को 18 दिसंबर को बांगड़ कॉलेज प्रांगण में एकत्रित कर भौतिक जांच करने और ड्राइवरों को बाल वाहिनी संबंधित नियम समझाने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग और आरएसआरटीसी के अधिकारियों को सड़क किनारे व मोड़ों पर उगी झाड़ियों को कटवाने को भी कहा है। बैठक में बताया कि गुरुवार 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़े कार्यक्रम की शुरुआत होगी। कार्यक्रम की शुरुआत 11 दिसंबर को सुबह 11 बजे सूरजपोल चौराहा से की जाएगी। इस बैठक में एसपी आदर्श सिंधु, पीडब्ल्यूडी एसई दिलीप परिहार, नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज, एनएचएआई के अधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *