स्कूल में छह साल की बच्ची के प्राइवेट पार्ट में लगी चोट

भास्कर न्यूज| दंतेवाड़ा जिले के एक स्कूल की लापरवाही से एक 6 साल की बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में चलने वाला यह स्कूल पहले से नियम के विरुद्ध चल रहा है, उस पर अब बड़ी लापरवाही सामने निकल कर आई है। शहर के बीच में चलने वाले इस स्कूल में एक 6 साल की बच्ची के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट आई और स्कूल प्रबंधन बच्ची को अस्पताल तक नहीं ले गया, जबकि स्कूल में बच्ची रो रही थी पर शिक्षकों ने उसे डांटकर बिठा दिया था। बच्ची जब स्कूल की छुट्टी के बाद घर पहुंची, तब उसकी मां ने खून से लथपथ बच्ची को देखा और जिला अस्पताल लेकर पहुंची, तब स्कूल से कुछ शिक्षक भी पालक के फोन करने के बाद जिला अस्पताल दंतेवाड़ा पहुंचे। दंतेवाड़ा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन अभय सिंह तोमर ने बताया बच्ची की ब्लीडिंग बहुत हो रही थी, बच्ची के पालक ने हमें बताया था दो बच्चों की आपसी लड़ाई में बच्ची को गंभीर चोट आई थी, पर स्कूल प्रबंधन द्वारा पूरे मामले को स्कूल के बेंच से टकराने से चोट लगने से बच्ची के घायल होने की बात बताई थी। स्कूल के संचालक ने बताया स्कूल के बेंच से टकराने से बच्ची को चोट लगी है। स्कूल में बच्ची के साथ हुई घटना के बाद भी प्रबंधन ने शिक्षा विभाग को इसकी सूचना तक नहीं दी, अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस को जरूर सूचना दी गई है। यह स्कूल सालों से शहर के बीच में चल रहा है। न तो इस स्कूल में खेल मैदान है न ही वाहनों की पार्किंग की जगह है। मुख्य सड़क पर इस स्कूल की बस खड़ी होती हैं, इसके लिए स्कूल प्रबंधन को शिक्षा विभाग से नोटिस भी जारी किया जा चुका है। स्कूल के शिक्षकों से पुलिस कर रही पूछताछ कोतवाली पुलिस अब स्कूल की सीसी टीवी खंगालेगी, पर अभी तक जिस जगह घटना हुई है वहां का सीसी टीवी बंद बताया जा रहा है। प्रबंधन बेंच से टकराने की बात कह रहा है पर सीसी टीवी फुटेज उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। पुलिस स्कूल के शिक्षकों से पूछताछ कर रही है। महिला पुलिस की एक टीम भी दंतेवाड़ा से जगदलपुर मेकॉज रवाना की जा रही है। बच्ची का इलाज वहीं चल रहा है। थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *