सिरोही के पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में वार्षिकोत्सव, एलुमनी सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने स्कूल में टीन शेड विस्तार के लिए 7 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। देवासी ने कहा कि बालिकाओं का शैक्षणिक उन्नयन राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है, जिसके लिए केंद्र व राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत स्कूल को केंद्र सरकार से शैक्षिक एवं भौतिक संसाधनों के विकास हेतु दो करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। देवासी ने यह भी जानकारी दी कि स्कूल में टीन शेड निर्माण के लिए पूर्व में घोषित 5 लाख रुपए के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। स्कूल प्रशासन की मांग पर उन्होंने टीन शेड विस्तार के लिए अतिरिक्त 7 लाख रुपए की घोषणा की, जिसका एसएमसी, एसडीएमसी और विद्यालय परिवार ने स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता प्रधान हसमुख कुमार ने की। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़, समाजसेवी जय विक्रम हरण, मगन लाल मीणा, हेमलता पुरोहित, कनिष्ठ अभियंता रूप कुंवर, डॉ. अपूर्वा राज और डॉ. अभिनव राज शामिल थे। प्रधानाचार्य हीरा खत्री और कार्यक्रम संयोजक गोपाल सिंह राव के अनुसार अतिथियों का स्वागत ढोल-नगाड़े, थाली और सामैया से किया गया। मां सरस्वती के पूजन के बाद अतिथियों को माला, शाल, साफा और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। समारोह के दौरान शैक्षणिक, सह-शैक्षिक, सांस्कृतिक और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


