जगतपुरा स्थित महाराजा सवाई भवानी सिंह स्कूल में बसंत पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रार्थना से हुई, जिसमें क्लास 2 से 5 तक के स्टूडेंट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पीले वस्त्रों में सजे स्टूडेंट्स ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इसके बाद बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया और कविताओं के माध्यम से बसंत पंचमी के महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम में विशेष शिक्षक वक्तव्य के दौरान छात्रों को बसंत पंचमी के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी गई। प्रिंसिपल वैदेही सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मां सरस्वती का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं। स्टूडेंट्स ने विभिन्न झांकियां भी प्रस्तुत कीं, जिन्होंने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्कूल का माहौल उत्साह और आनंद से भरा रहा, जहां स्टूडेंट्स ख़ुशी से थिरकते नजर आए।


