स्कूल से यूनिवर्सिटी तक कहीं भी सुरक्षित नहीं बेटियां:कार्रवाई में देरी की टीस…मां बोली- छेड़खानी के बाद बेटी का ट्यूशन छूटा, नींद में चीख उठती है

जबरदस्ती हुई, डराया। तन से लेकर मन तक को घटनाओं ने झकझोरा। बेटियां सहम गईं, न्याय की आस में थाना भी पहुंचीं। हिम्मत दिखाते हुए शिकायतें दर्ज कराईं, पर अफसोस… हुआ कुछ भी नहीं। आलम यह है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़िताएं बंद कमरे में सिसक रही हैं। स्कूल से यूनिवर्सिटी तक कहीं भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। किसी को स्कूल जाते समय बस स्टॉपेज पर छेड़ा तो किसी को यूनिवर्सिटी से वापस हॉस्टल लौटते समय। छेड़छाड़ की शिकार हुई तीन पीड़िताओं तक दैनिक भास्कर सोमवार को पहुंचा, जिन्हें न्याय का इंतजार है। आरोपी के डर से किसी ने ट्यूशन जाना छोड़ दिया तो कोई मानसिक रूप से इस कदर बीमार हो चुकी है कि उसे डॉक्टर से इलाज की जरूरत पड़ गई। पीड़िता समेत पूरा परिवार परेशान है। पीड़िताओं के परिजनों ने बयां की मौजूदा स्थिति पीड़िता के दिमाग में बैठा आरोपी का डर, अब छोड़ देना चाहती है पढ़ाई सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक पीड़िता के दिमाग में आरोपी का डर इस कदर बैठ गया है कि इलाज के लिए डॉक्टर के पास जाना पड़ा। आरोपी का नाम लेते हुए वह अचानक शोर मचाने लगती है। पीड़िता ने ट्यूशन जाना भी छोड़ दिया है। फिलहाल स्कूल बंद है, लेकिन डर से पढ़ाई छोड़ना चाहती है। अनुसंधानकर्ता बबलू बेसरा बोले- आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन पुलिस पार्टी पर हमला कर उसे छुड़ा लिया। कोर्ट से वारंट ले लिया गया है। जल्द ही गिरफ्तार करेंगे। केस करने के बाद कोर्ट में किया सरेंडर, आरोपी के रिश्तेदार अब दे रहे धमकी पिठौरिया थाना क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग के साथ पड़ोसी ने ही दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची की मां प्राथमिकी दर्ज कराई तो आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अब आरोपी का रिश्तेदार समझौता के लिए दबाव बना रहा है। पीड़िता की मां को धमकी दी जा रही है। एक लाख रुपए देने का प्रलोभन तक दे रहा है। थानेदार गौतम कुमार राय बोले- पीड़िता या उसकी मां ने थाने में आरोपी पक्ष द्वारा धमकी दिए जाने की कोई जानकारी नहीं दी है। थाना को जानकारी दें तो पुलिस कार्रवाई करेगी। हॉस्टल जा रही छात्रा को 4 युवकों ने छेड़ा, नामजद आरोपियों पर भी कार्रवाई नहीं एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी की छात्रा को पढ़ाई खत्म कर हॉस्टल जाते समय दो बाइक पर सवार 4 युवकों ने छेड़ा। कांके थाना में एक नामजद समेत 4 के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। पुलिस अबतक नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार नहीं कर पाई। अनुसंधानकर्ता राजकुमार तिग्गा बोले- नामजद आरोपी के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वह फरार मिला। उसके फ्रेंड्स सर्कल को भी खंगाला जा रहा है। टेक्निकल सेल की मदद से आरोपी की तलाश कर रहे हैं। वारंट के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है। जल्द ही आगे की कार्रवाई होगी। रांची में आए दिन छेड़खानी के मामले सामने आ रहे हैं। केस भी दर्ज हो रहे हैं। लेकिन पुलिस की कार्रवाई बहुत सुस्त है। भास्कर ने उन पीड़िताओं का आवेदन हासिल किया, हाल जानने उनके घर तक पहुंचा। नाम नहीं छापने का भरोसा दिलाने पर उन्होंने अपना दर्द बयां किया…. केस 1 : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक पीड़िता से हुई थी छेड़खानी। केस 2 : पिठौरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग से पड़ोसी ने ही दुष्कर्म का प्रयास किया। केस 3 : हॉस्टल जा रही छात्रा को 4 युवकों ने छेड़ा, नामजद एफआईआर दर्ज है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *