भास्कर न्यूज | ओड़िया शुक्रवार सुबह करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर ग्राम पंचायत बेतर बांधा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम तेंदो निवासी दशरथ कोसले (39) की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए बिलासपुर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। स्कॉर्पियो में सवार कुलदीप सोलंकी और कुलबीर सिंह को गंभीर चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए बेमेतरा जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया। खंडसरा पुलिस चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान की गई। परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बेमेतरा जिला अस्पताल भेजा गया। स्कॉर्पियो (क्रमांक एचआर 77 सी 0991) बेमेतरा से कवर्धा की ओर जा रही थी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे विद्युत पोल से टकराया और बांधा के पास जाकर रुका। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


