शनिवार को स्कूल छूटने के बाद स्क्रिबल डे मनाने निकले स्कूली छात्रों ने सड़कों और जयंती स्टेडियम में जमकर हुड़दंग मचाया। बिना हेलमेट के बाइक चलाते और हर बाइक में तीन स्टूडेंट्स रैली की शक्ल में स्कूल से निकले और जंयती स्टेडियम पहुंचे। दो स्कूल के थे स्टूडेंट्स
जयंती स्टेडियम में स्क्रिबल डे मनाने के लिए शनिवार को सेक्टर-10 स्थित स्कूल और रामनगर भिलाई स्थित स्कूल के विद्यार्थी पहुंचे। छात्र करीब दोपहर 12 बजे बाइक पर नाचते और शोर मचाते हुए जयंती स्टेडियम आए। यहां पर कुछ छात्रों ने बुलेट से पटाखों जैसी आवाज निकाली। वहीं एक स्कूल के छात्र ने आतिशबाजी भी की। छात्रों ने जमकर रंगों की होली खेली और हुडदंग किया। सड़क को भी किया जाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र बाइक पर स्टंट करते हुए तेज आवाज में नारेबाजी कर रहे थे। स्टेडियम पहुंचने के बाद उन्होंने स्क्रिबल डे के नाम पर मस्ती शुरू कर दी। जयंती स्टेडियम और भिलाई निवास जाने वाली सड़क पर भी स्टूडेंट्स जमा हो गए थे, जिससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। पुलिस को देख भागने लगे विद्यार्थी
सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस को देखते ही छात्र घबरा गए और चारों दिशाओं में भागने लगे। कई छात्र जल्दबाजी में अपनी बाइक लेकर भागते नजर आए। पुलिस ने कुछ विद्यार्थियों की गाड़ियों की चाबियां भी जब्त कर ली ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाइश दी कि इस तरह सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाना और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना गलत है। समझाइश के बाद छात्रों को चेतावनी देकर चाबियां वापस कर दी गई और उन्हें घर भेजा गया।


