सनस्टार स्कूल द्वारा बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित 19वें वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम एक भव्य और यादगार आयोजन रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सौम्या गुर्जर, मेयर, जयपुर नगर निगम ग्रेटर, ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वर वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्ले ग्रुप और नर्सरी के बच्चों ने ‘वील्स ऑन द बस’ और ‘शंकर जी का डमरू’ गीत पर अपनी मासूम अदाओं से दर्शकों का दिल जीत लिया। राजस्थानी कठपुतली नृत्य ने प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की। राधा-कृष्ण की लीलाओं पर आधारित नृत्य ने दर्शकों को भक्ति भाव में सराबोर कर दिया। देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य ने सभी के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की। भाई-बहन के रिश्ते पर संवेदनशील नृत्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। विभिन्न त्योहारों पर आधारित प्रस्तुतियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया। सनस्टार स्कूल के अध्यक्ष मदन मोहन भारद्वाज ने बताया कि सनस्टार इन्फोटेक अनुसंधान एवं विकास संस्थान की ओर से प्रारंभ किया गया यह स्कूल विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित शिक्षा प्रदान कर रहा है, जिससे उनके सर्वांगीण विकास में सहायता मिल रही है। विद्यालय के संस्थापक राजन भारद्वाज ने स्कूल की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय की प्राचार्या रागिनी भारद्वाज ने स्कूल की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी और ‘तारे जमीं पर’ कार्यक्रम के समापन के साथ अभिभावकों को धन्यवाद दिया।


