झालावाड़ में गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल गुराडिया जोगा के पुलिस स्टूडेंट कैडेट के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को पुलिस थाना मिश्रोली का भ्रमण किया। एसपी ऋचा तोमर के अनुसार विद्यार्थियों को थाना परिसर में कानून व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों को थाने की दैनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। उन्होंने पहरा संतरी ड्यूटी, वायरलेस सेट, कंप्यूटर कक्ष, मालखाना और जब्त वाहनों के बारे में जानकारी प्राप्त की। पुलिस स्टाफ ने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम, साइबर फ्रॉड और साइबर जागरूकता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों, गुड टच-बैड टच, डायल 112 और सोशल मीडिया से जुड़ी सावधानियों के बारे में भी बताया। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के साथ हेड कॉन्स्टेबल राजेश शर्मा, शाकिर हुसैन, मुकेश, बलराम और महिला कॉन्स्टेबल अंजु मौजूद रहीं। यह भ्रमण पुलिस स्टूडेंट कैडेट योजना के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को कानून व्यवस्था की व्यावहारिक समझ विकसित करने में मदद करना था।


