बुरहानपुर पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत दो स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। बुधवार को जवाहर नवोदय विद्यालय बहादरपुर और गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट और साइबर जागरूकता सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। जवाहर नवोदय विद्यालय में डीएसपी महिला शाखा प्रभारी प्रीतम सिंह ठाकुर ने संबोधित किया। वहीं, गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में थाना प्रभारी शिकारपुरा विक्रम चौहान ने छात्रों को जानकारी दी। चौहान ने विद्यार्थियों से कहा कि 18 साल की उम्र पूरी होने और लाइसेंस बनने के बाद ही बाइक आदि चला सकते हैं, इस नियम का पालन होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान बालकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, पॉक्सो एक्ट और अन्य कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया गया। छात्रों को ‘गुड टच, बैड टच’ की अवधारणा और साइबर जागरूकता के महत्व पर भी शिक्षित किया गया। यातायात संबंधी नियमों पर विशेष जोर दिया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सिग्नल का महत्व, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग शामिल था। नशे की हालत में वाहन न चलाने और नाबालिगों को वाहन न देने की जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला गया। इसके अतिरिक्त, शासन की राहगीर योजना, हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना और कैशलेस ट्रीटमेंट योजना की जानकारी भी साझा की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिजनों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। इसमें हमेशा सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग करना, तेज गति व लापरवाही से बचना, नाबालिगों को वाहन न देना और नशे की हालत में वाहन न चलाना शामिल है।


