भास्कर न्यूज | अमृतसर रेलवे स्टेशन पर दिनदहाड़े जज के रीडर की मां के कानों से बालियां छीनकर आरोपी फरार हो गया। घटना रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी में लुटेरे का चेहरा साफ दिख रहा है मगर हैरानी की बात है कि थाना जीआरपी की पुलिस 5 दिन बाद भी आरोपी को काबू नहीं कर पाई है। बता दें कि रेलवे स्टेशन पर यह कोई पहली घटना नहीं है। आए दिन स्टेशन पर यात्रियों से लूट होती हैं। पुलिस को दी शिकायत में मुनीश पुरी निवासी बाजार कसेरियां गुरु का बाजार ने बताया कि मां राज रानी, बड़ा भाई 26 जनवरी 2026 को गुरदासपुर जाने के लिए पठानकोट डीएमयू ट्रेन से जाने के लिए प्लेटफार्म नंबर 2 पर खड़े थे। गाड़ी दोपहर 1.05 बजे रवाना होनी थी। अनाउंसमेंट होने पर प्लेटफार्म 2 से एक की ओर जाने लगे तो मां का हाथ पकड़ लिया और उन्हें लेकर जा रहे थे। इस दौरान एक काली जैकेट पहना शख्स भागता हुआ आया और मां की कान की बालियां झपट कर फरार हो गया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद प्लेटफार्म से होते हुए चोर बाजार वाली साइड भाग गया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन 5 दिन के बाद भी अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना जीआरपी के प्रभारी सुखविंदर सिंह का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है जिसे जल्द काबू कर लिया जाएगा।


