सतना जिले के मैहर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी स्थित एक स्टोन क्रशर में रविवार दोपहर को हादसा हुआ, जिसमें ट्रक मालिक रामजी तिवारी (40) की मौत हो गई। रामजी तिवारी रिगरा, थाना देहात के निवासी थे। यह हादसा डस्ट लोडिंग के दौरान हुआ, जब वे अपने ट्रक की लोडिंग की निगरानी कर रहे थे। कैसे हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि रामजी तिवारी अपने ड्राइवर विनोद कोल के साथ ट्रक क्रमांक एमपी 19 जीए 2765 लेकर स्टोन क्रशर में डस्ट लोड करने पहुंचे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे, क्रशर में मौजूद दूसरे ट्रक (एमपी 19 एचए 2370) के चालक ने बिना देखे रिवर्स गियर में वाहन पीछे कर दिया। इस दौरान रामजी तिवारी अचानक हड़बड़ाकर गिर गए और ट्रक का पहिया उनकी कमर पर गुजर गया। गंभीर चोटें लगने के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्रशर मशीन वाहन का ड्राइवर फरार
रामजी की चीख-पुकार सुनकर आसपास लोग दौड़े, लेकिन आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। उनके वाहन चालक विनोद कोल और अन्य लोगों ने मिलकर रामजी को अस्पताल पहुँचाया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के बड़े भाई राघवेंद्र तिवारी सहित परिवार वाले अस्पताल पहुंचे। मैहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मरचुरी में रखवाया और मर्ग कायम कर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।


