स्टोर में 2 लाख रुपए की चोरी, जान-पहचान वाले पर शक

भास्कर न्यूज | लुधियाना लक्कड़ पुली चौक इलाके में एक मेडिकल दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 2 लाख रुपए नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह वारदात 29 दिसंबर की तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, चोरों ने दुकान के शटर को नीचे की ओर से सबल (लोहे की रॉड) लगाकर उखाड़ा और अंदर घुस गए। इसके बाद काउंटर में रखी पूरी नकदी निकाल ली, लेकिन दुकान में मौजूद दवाइयों या अन्य कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया। हैरानी की बात यह रही कि चोर सिक्के तक छोड़ गए। दुकान पर लगे तीन मजबूत ताले भी सबल से तोड़े गए थे। सुबह दुकान मालिक को पास ही स्थित आकाश बेकरी से फोन आया, जिसमें शटर टूटने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि शटर के सेंटर और साइड लॉक पूरी तरह क्षतिग्रस्त थे। दुकानदार ने आशंका जताई है कि चोरी में किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, क्योंकि चोरों को नकदी की सही जानकारी थी। शक को और गहरा करने वाली बात यह है कि चोरों द्वारा इस्तेमाल की गई टॉर्च दुकान के अंदर ही मिली। चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में सामने आया है कि चार अज्ञात चोर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और वारदात के बाद फरार हो गए। मामले की शिकायत थाना डिवीजन-8 पुलिस को दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *