भास्कर न्यूज | लुधियाना शेरपुर इलाके में स्थित होजरी फैक्ट्री से हुई करीब 45 लाख रुपये की चोरी की वारदात का थाना मोती नगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। एसीपी (इंडस्ट्रियल एरिया-ए) इंद्रजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि 21 दिसंबर को शेरपुर में पानी वाली टंकी के पास स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री से भारी मात्रा में तैयार माल चोरी हुआ था। फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह तक पहुंच बनाई गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण कपूर उर्फ लक्की, सुमन सिंह, रमनदीप सिंह और चोरी का माल खरीदने वाले तनवीर मलिक के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी तरुण कपूर बीते आठ साल से चोरी की वारदातों में सक्रिय है और उसके खिलाफ पहले से 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें ज्यादातर चोरी के हैं। इसके अलावा उसके एक साथी पर भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा बोलेरो पिकअप गाड़ी और फैक्ट्री से चोरी किया गया बड़ा होजरी माल बरामद किया है। बरामदगी में 575 जैकेट, 444 पजामे और 32 शॉर्ट पैंट शामिल हैं, कुल 1051 पीस कपड़ा बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान तरुण कपूर से 30 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब भी बरामद हुई, जिसके बाद मामले में एक्साइज एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले के दो आरोपी लवप्रीत सिंह और अर्शप्रीत सिंह अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए फैक्ट्रियों को निशाना बनाते थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और उनसे अन्य चोरी की वारदातों को लेकर भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है।


