रांची | स्ट्रीट डॉग पर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद राज्य में स्ट्रीट डॉग को एंटी रेबीज टीका लगाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा मुर्गियों को बीमारी से बचाने के लिए भी रानीखेत टीकाकरण किया जाएगा। रांची सहित राज्य के सभी जिलों में टीकाकरण अभियान चलेगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। पशु स्वास्थ्य व उत्पादन संस्थान की ओर से स्ट्रीट डॉग को एंटी रेबीज टीका लगाने और मुर्गियों को रानीखेत रोधी टीका लगाने के लिए गैर सरकारी संगठनों से प्रस्ताव मांगा है। विभिन्न संगठनों को 15 दिसंबर तक अपना प्रस्ताव जमा करना होगा। 16 सितंबर को सभी प्रस्तावों को खोला जाएगा। इसमें सफल होने वाली संस्था को टीकाकरण का काम सौंपा जाएगा। मालूम हो कि आवारा कुत्तों के काटने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रांची सहित सभी शहरों में राहगीर इस समस्या से जूझ रहे हैं। रांची सदर अस्पताल में रोजाना कुत्ता काटने के 60 से 70 नए मामले आ रहे हैं।


