स्पर्धाएं बच्चों को आत्मविश्वास से भरने की मंच होती है

भास्कर न्यूज| महासमुंद वर्ल्ड क्रिएटिविटी एंड इनोवेशन डे पर रविवार को अटल टिंकरिंग लैब, आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद ने एक उल्लेखनीय निर्णय लेते हुए आधिकारिक लोगो की घोषणा की। यह लोगो भूतपूर्व छात्र श्वेत ध्रुव ने पूर्व में आयोजित क्रिएटिव लोगो डिजाइन प्रतियोगिता के अंतर्गत डिज़ाइन किया था। इस स्पर्धा में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वर्ल्ड क्रिएटिविटी एंड इनोवेशन डे जब पूरी दुनिया रचनात्मकता और नवाचार का उत्सव मना रही है, एटीएल ने इस खास मौके को श्वेत कुमार की प्रतिभा को सम्मान देने के रूप में चुना। उनके डिज़ाइन किया गया लोगो अब विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब का आधिकारिक प्रतीक बन गया है। इसे एटीएल के मुख्य द्वार पर भव्य रूप से अंकित किया गया है, जहां से अब हर आने-जाने वाला नवाचार की इस अमिट छवि को देखेंगे। इस पहल के माध्यम से विद्यालय ने यह संदेश दिया है कि रचनात्मकता केवल मन में नहीं रहनी चाहिए, उसे साकार किया जाना चाहिए और अटल टिंकरिंग लैब्स इसी सोच को जमीनी रूप देती हैं। श्वेत कुमार ध्रुव इससे पहले मेरा स्वर्णिम भारत विषय पर आयोजित राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता (सत्र 2023-24) में पीएसवाय राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान रिसर्च व एजुकेशन व नीति आयोग के अंतर्गत 161वीं रैंक प्राप्त कर प्रथम मेधावी सूची में भी शामिल हो चुके हैं। इस उपलब्धी पर सुमन पंडित (अटल इनोवेशन मिशन नीति आयोग), अजय पिल्लई (सहायक संचालक समग्र शिक्षा रायपुर), विद्यालय के प्राचार्य जी आर सिन्हा, एटीएल प्रभारी चंद्रशेखर मिथलेश व शिक्षकगणों ने हर्ष व्यक्त किया है। इस लोगो में श्वेत कुमार ने न केवल तकनीकी सोच को रेखांकित किया है, विशेष रूप से, इस रचनात्मक प्रतीक में एटीएल महासमुंद की सबसे बड़ी उपलब्धि आजादी सैटेलाइट मिशन को भी स्थान दिया गया है। आजादी सैटेलाइट मिशन स्वतंत्रता के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा संचालित गौरवपूर्ण परियोजना थी। इसके अतिरिक्त, लोगो में टेलीस्कोप को सितारों के साथ दर्शाया गया है, जो विद्यार्थियों की अन्वेषण भावना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और ब्रह्मांड की ओर बढ़ती सोच को प्रतीकात्मक रूप में प्रकट करता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *