लुधियाना| महानगर में चल रहे लगभग 300 स्पा सेंटरों में से कई में खुलेआम अश्लील गतिविधियों का धंधा चल रहा है, जिसमें करीब 35 विदेशी लड़कियों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। ये लड़कियां पहले वर्क परमिट या टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थीं, लेकिन अब वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद लुधियाना के पॉश इलाकों जैसे साउथ सिटी रोड, सराभा नगर मार्केट, मल्हार रोड, मॉडल टाउन और दुगरी रोड में स्थित स्पा सेंटरों और होटलों में काम कर रही हैं। रात के समय इन विदेशी लड़कियों से होटलों में डांस परफॉर्मेंस भी करवाई जाती है, जिसके लिए दलाल 10 से 20 हजार रुपए तक चार्ज करते हैं। सूत्रों के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से चल रहा है। थाईलैंड से एक साल के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई हना का वीजा तो एक साल पहले ही खत्म हो गया, लेकिन वह यहीं रहकर दिल्ली, चंडीगढ़ और लुधियाना के अलग-अलग स्पा सेंटरों में अवैध रूप से काम करती रही। अब वह बीते डेढ़ महीने से लुधियाना सिविल अस्पताल में लाचार हालत में भर्ती है। रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट के कारण वह न तो उठ सकती है, न बैठ सकती है। उसके पास कोई दस्तावेज नहीं हैं, मोबाइल और जरूरी सामान भी चोरी हो चुका है। 21 मार्च को किसी वाहन की टक्कर में घायल हुई थी, जिसके बाद एंबुलेंस ने अस्पताल पहुंचाया। जिन एजेंसियों और स्पा मालिकों के लिए वह काम करती थी, वे उसे देखने भी नहीं आए। हना सिर्फ अंग्रेजी और थाई भाषा बोल पाती है। अब अस्पताल में काम करने वाली महिला महिंदो उसकी मां बनकर सेवा कर रही है। खाना खिलाने से लेकर उसकी सफाई तक खुद करती है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन न थाना शिमलापुरी पहुंचा, न कोई अधिकारी। हना ने बताया कि वह 2 साल पहले एक एजेंसी के जरिए भारत आई और दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए लुधियाना आई थी। शिमलापुरी इलाके में किराए पर रहती थी। उसने किसी भी स्पा सेंटर का नाम बताने से इनकार कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, एनजीओ के लोग कभी-कभार खाना देकर चले जाते हैं। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. हरप्रीत ने कहा कि युवती की रीढ़ में चोट है, बाकी हालत पर सोमवार को विशेषज्ञों से राय के बाद स्थिति साफ होगी।


