विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने शुक्रवार को भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी को सदन में विरोधी दल के नेता के रूप में मान्यता दे दी। अब वे नेता प्रतिपक्ष हो गए। महतो ने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय के पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी को गुरुवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। मैं बिना किसी देरी के सदन में मुख्य विरोधी दल भाजपा के नेता के रूप में बाबूलाल मरांडी को मान्यता प्रदान करता हूं। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सभी मंत्रियों और सत्ता व विपक्ष के विधायकों ने सदन में बाबूलाल मरांडी को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने मरांडी के पास पहुंचकर विशेष अंदाज में उनका अभिनंदन किया। वहीं कई विधायकों ने बाबूलाल का पैर छूकर अभिवादन किया।


