भास्कर न्यूज | राजनांदगांव उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में आयोजित सीनियर महिला नेशनल स्पीड हैंडबॉल टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज की। ऐतिहासिक उपलब्धि में जिले की खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। जिन्होंने अपने दमखम से प्रदेश और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष सूर्यकांत जैन ने बताया 6 जनवरी से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में आयोजित सीनियर महिला नेशनल स्पीड हैंडबॉल टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की टीम ने आक्रामक और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। शानदार मुकाबले जीतते हुए टीम ने 9 जनवरी को क्वार्टर फाइनल मैच को एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश की गोपी एकेडमी को 20-5 से हराया। उन्होंने बताया छत्तीसगढ़ की पूरी टीम को हैंडबॉल की पूर्व अंतर राष्ट्रीय खिलाड़ी शबनम अंसारी ने प्रशिक्षित किया। कुशल प्रशिक्षण में खिलाड़ियों ने मैदान पर बेहतरीन तालमेल, तेज गति और रणनीतिक खेल का प्रदर्शन किया। परिणाम टीम की लगातार जीत के रूप में सामने आया। छत्तीसगढ़ टीम में शामिल नेहा यादव, डेनिका एल्ले, मेघा यादव, तनुजा मंडावी, कनक जोगी, करुणा यादव एवं ज्योति मंडावी ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश को पराजीत किया छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने पहले मुकाबले में उत्तराखंड को 19-00 के बड़े अंतर से हरा कर धमाकेदार एंट्री की। राजस्थान को 12-04 के स्कोर से हरा कर शानदार जीत दर्ज की। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ का सामना उत्तर प्रदेश की गोपी एकेडमी से हुआ। छत्तीसगढ़ की टीम ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए 20-05 के भारी अंतर से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। छत्तीसगढ़ टीम के सभी खिलाड़ी राजनांदगांव स्थित स्टेट स्कूल हैंडबॉल ग्राउंड में नियमित अभ्यास करते हैं।


