भास्कर न्यूज | लुधियाना खेल विभाग पंजाब की ओर से सेशन 2025-26 के लिए स्पोर्ट्स विंग स्कूलों में डे-स्कॉलर विंग में खिलाड़ियों के दाखिले हेतु ट्रायल 9 से 12 अप्रैल तक कराए जा रहे हैं। ट्रायल अंडर-14 (जन्म तिथि 1-1-2012 या बाद की), अंडर-17 (1-1-2009 या बाद की) और अंडर-19 (1-1-2007 या बाद की) आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए होंगे। खिलाड़ियों का फिजिकल और मेडिकल फिट होना अनिवार्य है। चयनित खिलाड़ियों को फ्री ट्रेनिंग दी जाएगी और डे-स्कॉलर विंग के खिलाड़ियों को प्रतिदिन ₹125 की दर से रिफ्रेशमेंट भी मिलेगी। 9 और 10 अप्रैल को होने वाले खेलों में गुरु नानक स्टेडियम के मल्टीपर्पस हॉल में जिमनास्टिक, जूडो, कबड्डी, सॉफ्टबॉल और कुश्ती के ट्रायल होंगे। साइक्लिंग पीएयू साइक्लिंग वेलोड्रम में, हैंडबॉल सरकारी स्मार्ट स्कूल पीएयू में, फुटबॉल और वॉलीबॉल एसडी सरकारी कॉलेज बॉयज में, हॉकी माता साहिब कौर अकादमी जरखड़ में, खो-खो स्कूल ऑफ एमिनेंस जवाहर नगर बॉयज में, नेटबॉल सरकारी कॉलेज गर्ल्स में, वेटलिफ्टिंग लुधियाना वेटलिफ्टिंग क्लब रखबाग में और शूटिंग लुधियाना शूटिंग रेंज रखबाग में करवाई जाएगी। 11 और 12 अप्रैल को गुरु नानक स्टेडियम में एथलेटिक्स, मल्टीपर्पस हॉल में बॉक्सिंग और वेटलिफ्टिंग क्लब में पावरलिफ्टिंग के ट्रायल होंगे। जिला खेल अधिकारी कुलदीप चुघ ने बताया कि ट्रायल के लिए रजिस्ट्रेशन 9 अप्रैल सुबह 8 बजे गुरु नानक स्टेडियम में होगी। खिलाड़ियों को अपने जन्म प्रमाणपत्र, खेल उपलब्धियों के प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की अटेस्टेड कॉपी, 2 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होंगी। ट्रायल के लिए कोई टीए/डीए नहीं मिलेगा।


