अमृतसर| स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए ‘ग्रेजुएशन सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। इस यादगार शाम के दौरान स्कूल परिसर में बीते वर्षों की सुनहरी यादें और भविष्य के बड़े सपने एक साथ तैरते नजर आए। समारोह में स्टूडेंट्स ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के अनुभवों को सांझा किया, जिसे सुनकर शिक्षक और जूनियर साथी भावुक हो उठे। स्कूल मैनेजमेंट और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए बताया कि कैसे ये नन्हे बच्चे आज एक आत्मविश्वास से भरे युवा के रूप में दुनिया का सामना करने के लिए तैयार हुए हैं। इस अवसर पर स्प्रिंग डेल एजुकेशनल सोसाइटी के चेयरमैन साहिलजीत सिंह संधू और डायरेक्टर डॉ. कीरत संधू चीमा ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की सराहना की। स्कूल प्रिंसिपल राजीव कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन की नई चुनौतियों के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर साथियों को भविष्य की नई उड़ान के लिए शुभकामनाएं देते हुए विदा किया।


