स्मार्ट मीटर और सौर ऊर्जा की जानकारी दी

भास्कर न्यूज ​| जशपुरनगर छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘रजत महोत्सव’ के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। मनोरा, कुनकुरी शहर और फरसाबहार विद्युत वितरण केंद्रों में आयोजित इन शिविरों में स्थानीय उपभोक्ताओं को विद्युत सुरक्षा, नवाचार और विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों ने राज्य की विद्युत व्यवस्था में पिछले 25 वर्षों में हुए विकास और तकनीकी बदलावों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे स्मार्ट मीटर और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग से विद्युत व्यवस्था में पारदर्शिता और सटीक बिलिंग संभव हुई है। शिविरों में सौर ऊर्जा के महत्व और स्मार्ट मीटरिंग के लाभों को समझाया गया। साथ ही उपभोक्ताओं को बिजली उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। डिजिटल सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बिल भुगतान, शिकायत निवारण और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सुविधाओं का लाभ उठाने के तरीकों के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के माध्यम से समय की बचत के साथ ही बिजली वितरण में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ी है। मनोरा वितरण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शांति भगत ने अपने संबोधन में कहा, “रजत महोत्सव छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विकास यात्रा का प्रतीक है। सीएसपीडीसीएल का लक्ष्य राज्य के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सस्ती और निर्बाध बिजली पहुंचाना है आगे कहा जागरूकता शिविर जनता और विभाग के बीच भरोसे और संवाद को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभागीय अधिकारी विनोद पंडित, लुकमान खान और अलविन टोप्पो की सक्रिय भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *