मनेंद्रगढ़ | जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता की। अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि डेढ़ साल में चौथी बार बिजली दरें बढ़ाकर भाजपा सरकार ने जनता की जेब पर डाका डाला है। उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं पर 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं पर 25 पैसे प्रति यूनिट और किसानों के कृषि पंपों पर 50 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। श्रीवास्तव ने कहा कि पहले ही खाद, बीज और बिजली कटौती से परेशान किसान अब और संकट में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता को लूटने के लिए हर तरीका अपनाया। 2003 में घरेलू बिजली दर 3.30 रुपये प्रति यूनिट थी, जिसे रमन सरकार ने 2018 तक 6.40 रुपये कर दिया। कांग्रेस शासन में पांच सालों में दरें लगभग स्थिर रहीं।


