द्रोणिका सक्रिय, आज जिले में हो सकती है हल्की बारिश

भास्कर न्यूज | बालोद मानसून द्रोणिका सक्रिय होने की वजह से बुधवार को जिले में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऐसा अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर झारखंड और उससे लगे दक्षिण बिहार के ऊपर स्थित है। यह पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड दक्षिण बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ अगले 24 घंटे में आगे बढ़ सकता है। मानसून द्रोणिका बीकानेर, उत्तर राजस्थान, हमीरपुर, उत्तर झारखंड, कोंटई और उसके बाद पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। 16 जुलाई को जिले के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। प्रदेश में भारी वर्षा सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में हो सकती है। इस लिहाज से बुधवार को बालोद जिले में भारी बारिश होने का अनुमान नहीं है। पिछले 5 दिन से मौसम विभाग रोजाना बारिश होने का अनुमान लगा रहा है लेकिन स्थिति विपरीत है। इस वजह से लोगों को गर्मी व उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। हालांकि मंगलवार को सुबह 9 से 10 बजे के बीच हल्की बारिश हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *