स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे कर्मचारी, ग्रामीणों ने रोक लिया:नर्मदापुरम में बिना मीटर लगाए लौटे, ग्रामीण बोले- बिल बढ़कर आ रहे

नर्मदापुरम जिला मुख्यालय से करीब 10 किमी दूरी पर स्थित ग्राम निमसाड़िया में बुधवार को स्मार्ट मीटर को लेकर जमकर विरोध हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल ज्यादा आ रहे हैं, इसलिए फिलहाल वे इसे नहीं लगाने देंगे। जानकारी के मुताबिक बिजली विभाग की टीम गांव में मीटर लगाने पहुंची थी, लेकिन लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने कर्मचारियों से मीटर बॉक्स ले लिए और कुछ घरों में पहले से लगे नए स्मार्ट मीटर भी हटवाने का दबाव बनाया। काफी देर तक बहसबाजी का दौर चलता रहा। करीब आधे घंटे की खींचतान के बाद कर्मचारियों को बिना मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा। विरोध इतना तीखा था कि कुछ घरों में लगे स्मार्ट मीटर बॉक्स भी निकालने पड़े। ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर में सामान्य मीटर की तुलना में ज्यादा रीडिंग आती है, जिससे बिल अधिक बन रहा है। ग्राम सरपंच बालेंद्र पटेल ने बताया कि कोर्ट ने भी मार्च 2026 तक मीटर लगाने पर रोक लगाई है, ऐसे में अभी मीटर लगाने की जरूरत नहीं है। गांव में बड़ी संख्या में लोग विरोध के लिए बाहर निकल आए और नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक बिल और रीडिंग की समस्या साफ नहीं होती, स्मार्ट मीटर गांव में नहीं लगेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *